ऑपरेशन प्रहार का असर: पिथौरागढ़ में 4 शराबी चालक गिरफ्तार, 2 अवैध शराब कारोबारी पकड़े गए…

पिथौरागढ़ पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार असर दिखा रहा है। सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर देर रात तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए हैं। वहीं ढाबे और दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब परोसने वाले दो संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

जनपद पिथौरागढ़ में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। कोतवाली जौलजीबी क्षेत्र में गुप्त सूचना पर बरम पुल के पास स्थित एक ढाबे में पुलिस ने छापेमारी की, जहां ढाबा संचालक बिशन सिंह अवैध रूप से शराब परोसता और बेचता हुआ पाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसी दौरान वाहन चेकिंग में एक चालक त्रिभुवन सिंह धामी भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसका वाहन सीज कर दिया गया।

थाना बलुवाकोट क्षेत्र में भी पुलिस ने चेकिंग के दौरान टैंकर चालक संजय कुमार और पिकअप चालक सलीम को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। वहीं कोतवाली बेरीनाग पुलिस ने ढिंगाल गांव में एक दुकान पर छापेमारी कर संचालक संजय सिंह बोरा को अवैध रूप से शराब बेचते और परोसते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी पुलिस की कार्रवाई जारी रही। चेकिंग अभियान के दौरान एक वाहन चालक विनय खम्पा शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिसे हिरासत में लेकर वाहन सीज किया गया। वहीं थाना थल पुलिस ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम से जुड़े एक गैर जमानती वारंटी संतोष सिंह राणा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा।

पिथौरागढ़ पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने वालों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। ऐसे में नियमों का पालन करना ही सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!