मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने टिहरी में विकास कार्यों की समीक्षा की, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर जोर

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिलास्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया और जनपद में चल रही योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लोक निर्माण और अवसंरचना परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। साथ ही, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य सुविधाओं की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने पेयजल, सीवर और जल निकासी जैसी मूलभूत सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पर्यटन क्षेत्रों में बढ़ती मांग को देखते हुए स्थायी समाधान विकसित करने और जल जीवन मिशन सहित अन्य पेयजल योजनाओं के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जनपद की प्रशासनिक स्थिति और विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान सड़क नेटवर्क, मोटरेबल ब्रिज और लोक निर्माण विभाग की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

₹10 करोड़ से अधिक लागत वाले नरेंद्रनगर-किनवानी-नीरगढ़ सेक्शन रोड के पुनर्निर्माण कार्य, रामझूला सेतु के सुदृढ़ीकरण तथा पीएमजीएसवाई फेस-4 के अंतर्गत सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा, आपदा और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

मुनि की रेती क्षेत्र में ₹40 करोड़ की वर्षा जल निकासी परियोजना, चंद्रभागा नदी में बाढ़ सुरक्षा कार्य, तथा राजकीय पॉलिटेक्निक नई टिहरी के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने पर भी जोर दिया गया।

जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, नरेंद्रनगर सीवर लाइन योजना में 55 प्रतिशत प्रगति की जानकारी दी गई। पर्यटन क्षेत्रों में जल आपूर्ति की बढ़ती मांग और बजट की कमी को प्रमुख चुनौती बताया गया।

बैठक में कृषि, मत्स्य, उद्यान, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल विभागों की योजनाओं के साथ-साथ गैर-कृषि गतिविधियों जैसे डेयरी, मशरूम, मत्स्य पालन, हर्बल उत्पादन और ड्रैगन फ्रूट खेती पर भी चर्चा हुई।

बैठक से पूर्व टीएचडीसी गेस्ट हाउस, भागीरथीपुरम में एडीबी परियोजनाओं की समीक्षा की गई। पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने टिहरी झील क्षेत्र में सतत पर्यटन विकास के लिए विभिन्न क्लस्टरों की जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पांडेय, एसएसपी श्वेता चौबे, एडीएम शैलेंद्र नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!