भारतीय वन्यजीव संस्थान की रिपोर्ट पर बैठक, स्थानीय सुझावों को अंतिम रिपोर्ट में शामिल करने पर जोर
रुद्रप्रयाग
जनपद रुद्रप्रयाग में श्री केदारनाथ धाम यात्रा की वैज्ञानिक वहन क्षमता निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में हुई इस बैठक में भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा तैयार की गई ड्राफ्ट रिपोर्ट पर हितधारकों से सुझाव और टिप्पणियां ली गईं।
बैठक में केदारनाथ धाम के साथ-साथ हेमकुंड साहिब, गंगोत्री और यमुनोत्री ट्रैक की वहन क्षमता के वैज्ञानिक आकलन पर विस्तृत चर्चा की गई। भारतीय वन्यजीव संस्थान के विशेषज्ञों ने ड्राफ्ट रिपोर्ट का प्रेजेंटेशन देते हुए सर्वेक्षण प्रक्रिया, आंकड़ों और विभिन्न मानकों की जानकारी साझा की।
इस दौरान केदारनाथ यात्रा से जुड़े स्थानीय हितधारकों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों, होटल व्यवसायियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अंतिम रिपोर्ट को अधिक सटीक और व्यावहारिक बनाने के लिए सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े अद्यतन आंकड़े उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, परिवहन, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन और आवासीय क्षमता से संबंधित नवीनतम जानकारी रिपोर्ट में शामिल की जानी चाहिए।
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि स्थानीय स्तर के अनुभवों और जमीनी वास्तविकताओं को रिपोर्ट में उचित स्थान दिया जाए, ताकि भविष्य में यात्रा प्रबंधन अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
भारतीय वन्यजीव संस्थान की टीम ने स्पष्ट किया कि सभी हितधारक अपने सुझाव, टिप्पणियां और प्रमाणित आंकड़े जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध करा सकते हैं। आवश्यक संशोधनों के लिए संबंधित प्रमाण भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ उपस्थित रहे, जबकि कई हितधारक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी शामिल हुए।





Leave a Reply