देहरादून: शीशम बाड़ा में अवैध मजार ध्वस्त, प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज

देहरादून के शीशम बाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को जिला प्रशासन द्वारा ध्वस्त कर दिया गया। मुख्य शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर शिमला बाईपास क्षेत्र में स्थित इस संरचना को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत हटाया।

जानकारी के अनुसार, इस अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा पहले ही जिला प्रशासन को शिकायतें दी गई थीं। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लगभग दो सप्ताह पहले नोटिस चस्पा किया था, जिसमें संबंधित पक्ष से भूमि और निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था।

प्रशासन के अनुसार निर्धारित समय में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत उक्त स्थल को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज किया गया है। हाल ही में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सभी जिलाधिकारियों को इस दिशा में सख्त निर्देश दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *