आगामी मानसून सीजन को देखते हुए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी Vishal Mishra ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित भूस्खलन, अतिवृष्टि, सड़क अवरोध, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने और आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक मशीनरी और मानव संसाधन उपलब्ध रखने को कहा। साथ ही विद्युत और पेयजल विभाग को आपात स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाइयों और चिकित्सा टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, पूर्ति और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून अवधि में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी 24×7 सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply