उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र नीति घाटी में रविवार को रोमांच, फिटनेस और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले बहुप्रतीक्षित आयोजन ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
यह आयोजन न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान देने और स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का भी प्रयास है।
प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया फ्लैग ऑफ
कार्यक्रम का शुभारंभ काबीना मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और सीमांत गांवों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
पहले दिन आयोजित हुई 75 और 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन
जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जा रहा है।
पहले दिन आयोजित रिमखिम-नीति-मलारी 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 117 धावकों ने भाग लिया, जबकि मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) चैलेंज भी आयोजित होगा।
सांस्कृतिक संध्या में गूंजे उत्तराखंड के लोकगीत
आयोजन से एक दिन पूर्व शनिवार रात मलारी गांव में पर्यटन विभाग की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देर रात तक उत्साह का माहौल बना रहा।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, भाजपा महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, गृह सचिव शैलेश बगोली, सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारी-जवान, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सीमांत पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ जैसे आयोजनों से उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह आयोजन फिटनेस, साहसिक खेल और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













Leave a Reply