मसूरी-देहरादून रोड पर बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरा पानी का टैंकर, युवक की मौत

मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गज्जी बैंड के पास पानी से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय अक्षय असवाल निवासी मसूरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चालक मसूरी झील से पानी भरकर लौट रहा था। इसी दौरान गज्जी बैंड के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे खाई में जा गिरा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे की सूचना मृतक के परिवार को दे दी गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *