रुड़की प्रशासन का बड़ा अभियान, घर-घर जाकर होगा मतदाताओं का सत्यापन

रुड़की प्रशासन ने मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है। 29 मई से शुरू होने वाले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को लेकर जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद शेठ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 15 सितंबर तक चलेगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक मतदाता का सत्यापन किया जाएगा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। साथ ही सूची में मौजूद त्रुटियों और अपात्र नामों को भी चिन्हित किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार दूसरे चरण में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। जरूरत पड़ने पर नए नाम जोड़ने, संशोधन करने या जानकारी अपडेट करने के लिए फॉर्म नंबर 6 और 8 भी भरवाए जाएंगे।

जॉइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि अभियान पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित होगा और सभी प्रक्रियाएं सरकारी कर्मचारियों की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सत्यापन प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *