भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड प्रवास की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी संगठन ने उनके प्रथम आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रमों के प्रमुखों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में तय किया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम सादगीपूर्ण लेकिन उत्साहपूर्ण होंगे। पारंपरिक परिधानों के माध्यम से कार्यकर्ता 25 से अधिक स्थानों पर उनका स्वागत करेंगे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि नितिन नवीन 28 मई को शाम 4:35 बजे देहरादून स्थित जौली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां शाम 6:15 बजे कोर कमेटी और इसके बाद मंत्रियों की बैठक लेंगे।
प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी. सी. खंडूरी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद राजपुर रोड स्थित Welcomhotel by ITC Hotels में विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी। वहीं दोपहर 2 बजे प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक चर्चा की जाएगी।
शाम 4 बजे से महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत प्रतिनिधि और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित होगी। इसके बाद मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है।
प्रवास के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे गढ़ी कैंट स्थित बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान करेंगे और बूथ समिति की बैठक में शामिल होंगे।
इसके पश्चात Shivalik College of Engineering में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
तीन दिवसीय प्रवास के बाद नितिन नवीन 30 मई को शाम 4:35 बजे जौली ग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।












Leave a Reply