रुद्रपुर शाखा द्वारा सोनिया होटल में शपथ ग्रहण समारोह एवं कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवदायित्वधारी पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए सेवा, संस्कार और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और परिषद पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् गान के साथ हुआ। शाखा सचिव राजेश सलूजा ने मंच संचालन किया। शाखा अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने परिषद की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन Swami Vivekananda के विचारों से प्रेरित होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
कार्यशाला में क्षेत्रीय वित्त सचिव राजेंद्र कुमार गुप्ता ने परिषद की विचारधारा और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए समाज के कमजोर वर्गों की सेवा तथा भारतीय नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। वहीं क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव नरेंद्र अरोड़ा ने परिषद की बैठकों और कार्यक्रमों के प्रोटोकॉल पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
प्रांतीय महासचिव हरीश शर्मा ने ‘सेवा, संपर्क एवं पर्यावरण’ विषय पर परिषद की सामाजिक भूमिका को रेखांकित किया। प्रांतीय संयोजिका महिला सहभागिता रश्मि जैन ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए संगठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सामने रखा।
द्वितीय सत्र में प्रांतीय वित्त सचिव अमित गंभीर ने वित्तीय पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन पर चर्चा की। इसके बाद टोली निर्माण गतिविधियों और मुक्त चिंतन सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने संगठन के विस्तार और समाजसेवा से जुड़े अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में विधायक Shiv Arora ने भी शिरकत की और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए परिषद द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।
अंत में शाखा सचिव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। राष्ट्रगान और रात्रि स्नेह भोज के साथ कार्यक्रम हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
सत्र 2026-27 के लिए सौंपे गए दायित्व
भारत विकास परिषद रुद्रपुर शाखा के सत्र 2026-27 के लिए आनंद अग्रवाल को अध्यक्ष, राजेश सलूजा को सचिव, विपिन लूथरा को कोषाध्यक्ष, जतिन अग्रवाल को उपाध्यक्ष और ललित मोहन को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया।
इसके अलावा विभिन्न प्रकल्पों के लिए भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संस्कार प्रकल्प की जिम्मेदारी कीर्ति निधि शर्मा, सेवा प्रकल्प की जिम्मेदारी संजय कुमार, महिला सहभागिता की जिम्मेदारी नीतू अग्रवाल, संपर्क प्रकल्प की जिम्मेदारी रोहित सलूजा तथा पर्यावरण प्रकल्प की जिम्मेदारी गुंजन खेड़ा को दी गई।
मीडिया प्रभारी का दायित्व हरीश बजाज को सौंपा गया, जबकि महिला कौशल विकास प्रकल्प की जिम्मेदारी रीना चौधरी को दी गई। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने तथा सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।












Leave a Reply