Guptkashi में खुले में कूड़ा डाले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आ गया। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत ने संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी के साइट इंचार्ज को हटाने के साथ ही एजेंसी पर ₹5000 का जुर्माना लगाया है।
अधिशासी अधिकारी Bharat Panwar ने जानकारी देते हुए बताया कि नवगठित नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से संचालित की जा रही है। नगर पंचायत गठन के बाद से ही क्षेत्र में नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नगर पंचायत के पास कूड़ा निस्तारण के लिए स्थायी भूमि उपलब्ध नहीं है। इसी कारण प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कूड़े के उचित निस्तारण में व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत ने त्वरित कार्रवाई की। सफाई व्यवस्था संभाल रही आउटसोर्सिंग एजेंसी के साइट इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से हटाया गया और एजेंसी पर ₹5000 का चालान किया गया।
नगर पंचायत प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि खुले में डाले गए कूड़े की तुरंत सफाई करवा दी गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए संबंधित एजेंसी को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
नगर पंचायत गुप्तकाशी ने कहा कि क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।












Leave a Reply