मसूरी के व्यस्त माल रोड पर देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से आए पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसके बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
सूत्रों के अनुसार, देर रात एक पर्यटक दंपति ने माल रोड के बैरियर के पास अपना वाहन खड़ा कर दिया, जिससे पीछे ट्रैफिक जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने जब उनसे वाहन हटाने को कहा, तो बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान पर्यटक दंपति ने गुस्से में आकर स्थानीय लोगों पर जूते-चप्पलों से हमला कर दिया।
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिससे मौके पर हंगामे का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को काबू में किया और पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब पर्यटक दंपति प्रतिबंधित समय के दौरान माल रोड में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिसे बैरियर पर तैनात कर्मचारियों ने रोक दिया। इस पर दंपति ने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता की।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली मसूरी में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि बाहरी पर्यटकों द्वारा नियमों का उल्लंघन और अभद्र व्यवहार अब आम होता जा रहा है, जिससे शहर की शांति और व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply