कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का श्रीनगर दौरा: दो दिन में विकास कार्यों की समीक्षा और जनसम्पर्क पर फोकस

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत 4 और 5 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे, नई योजनाओं की रूपरेखा तैयार करेंगे और आम जनता से सीधे संवाद भी करेंगे।

मंत्री डॉ. रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि दौरे के दौरान नगर निगम श्रीनगर और विकासखण्ड खिर्सू में मूलभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं का जायजा लिया जाएगा। इसके साथ ही कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी प्रस्तावित है।

पहले दिन का कार्यक्रम (4 मई):
सोमवार को डॉ. रावत श्रीनगर में पुलिस विभाग के सभागार में नगर निगम की समीक्षा बैठक लेंगे। इस बैठक में पेयजल व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा, सीवर लाइन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी।

इसके बाद वह पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीनगर के वार्षिकोत्सव में शामिल होंगे। दिनभर के कार्यक्रम में वह कोठगी में आयोजित पौराणिक ‘कठबद्दी मेला’ में भी शिरकत करेंगे। साथ ही खण्डखिल, चोपड़ा, छोया-बग्याली और चैंरीखाल-गोदा क्षेत्रों में जनसम्पर्क कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

दिन के अंत में मंत्री बूंखाल-कालिंका मंदिर में दर्शन करेंगे और वहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।

दूसरे दिन का कार्यक्रम (5 मई):
मंगलवार को डॉ. रावत विकासखण्ड खिर्सू के सभागार में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, सहकारिता और पर्यटन विभाग के अधिकारी विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

इसके बाद वह खिर्सू में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और कठुली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में विज्ञान प्रयोगशाला और सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास करेंगे।

दौरे के दौरान सिंगोरी, मिदाणगांव, थापला, चिमन्यूं, जाख, असिंगी, दांदणी, चमराडा, नयालगढ़ और खालू सहित कई गांवों में जनसम्पर्क कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा खण्डाह और श्रीकोट क्षेत्रों में भी वह स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

यह दौरा विकास कार्यों की गति तेज करने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *