हरिद्वार में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ा सत्यापन अभियान, 170 लोगों की जांच, 11 मकान मालिकों पर कार्रवाई

हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रविवार सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने किरायेदारों, घरेलू नौकरों, फड़-फेरी वालों और विभिन्न संस्थानों में कार्यरत मजदूरों की जांच की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था। निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में अपर रोड, औद्योगिक क्षेत्र, इंद्राबस्ती, निर्मला छावनी, खड़खड़ी और हरकी पौड़ी क्षेत्रों में सघन सत्यापन किया गया।

अभियान के दौरान कुल 170 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वहीं, 109 किरायेदारों का रिकॉर्ड जांचा गया। जांच में सामने आया कि 11 मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था, जिसके चलते उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत ₹1,10,000 का चालान किया गया।

इसके अलावा, पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत 16 लोगों पर ₹4,000 का नगद चालान भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे, जिन्होंने क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:
प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उप निरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उप निरीक्षक संजीत कंडारी, उप निरीक्षक नवीन नेगी, सहायक उप निरीक्षक दीपक ध्यानी सहित अन्य पुलिसकर्मी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *