उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी में शनिवार को देहरादून स्थित मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण पदग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नवनियुक्त युवा कांग्रेस विंग के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे। समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और युवा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नए नेतृत्व को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा कांग्रेस से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विशाल भोजक पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और संगठन को मजबूत दिशा प्रदान करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रीतम सिंह ने भी युवा नेतृत्व को बधाई दी और कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।
वहीं, नव नियुक्त युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने अपने संबोधन में कहा कि वह प्रदेश के हर जिले में जाकर युवाओं से सीधे संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस सक्रिय भूमिका निभाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा ताकि 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल हो सके।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।












Leave a Reply