रुड़की ग्राम पंचायत में विकास कार्यों पर उठे सवाल, जांच में उजागर हुई बड़ी लापरवाही

संवाददाता: अरशद हुसैन

रुड़की ब्लॉक के माधोपुर हजरतपुर ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, जिसमें कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि संबंधित अधिकारी गांव में हुए निर्माण कार्यों का स्पष्ट विवरण तक नहीं दे सके। अधिकारियों को यह तक जानकारी नहीं थी कि किन-किन स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य हुआ है। इससे पूरे मामले में पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

यह कार्रवाई गांव के निवासी आदिल की शिकायत पर की गई, जिन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को लिखित शिकायत देकर कुल 32 विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया था। इन कार्यों में सड़क निर्माण, खेतों में पाइपलाइन बिछाना, नाला खुदाई और तालाब सौंदर्यीकरण जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।

जांच के लिए पहुंचे तहसीलदार विकास अवस्थी और खंड विकास अधिकारी सुमन दत्त कुटियाल ने अपनी टीम के साथ मौके पर सत्यापन शुरू किया। हालांकि, जरूरी जानकारी के अभाव में टीम फिलहाल केवल 9 कार्यों की ही जांच कर पाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी विकास कार्यों का पूरा और स्पष्ट विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अब इस जांच रिपोर्ट पर सबकी नजरें टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि गांव में वास्तव में विकास हुआ है या सिर्फ कागजों में ही काम दिखाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *