रुड़की में भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के दौरे का उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने जोरदार विरोध किया। बीएसएम चौक से शुरू हुआ यह प्रदर्शन गंगनहर पुल तक पहुंचते-पहुंचते उग्र हो गया, जहां पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
यूकेडी के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष दीपक लखवान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बीएसएम चौक पर एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला कार्यालय की ओर कूच किया।
मालवीय चौक पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और आगे बढ़ते रहे। हालात को देखते हुए प्रशासन ने गंगनहर पुल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया, जहां प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस दौरान पुलिस और यूकेडी कार्यकर्ताओं के बीच बहस और हल्की झड़प भी हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और उन्हें गंगनहर कोतवाली भेज दिया।
सरकार पर यूकेडी का हमला
जिलाध्यक्ष दीपक लखवान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में जनता के मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यूकेडी इस तरह की नीतियों के खिलाफ अपना आंदोलन और तेज करेगी।
वहीं, पार्टी नेता रीतू कंडियाल ने कहा कि सरकार महिलाओं और युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल दिखावे की राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी हालात चिंताजनक हैं।
आगे भी जारी रहेगा विरोध
फिलहाल पुलिस ने हालात को नियंत्रण में कर लिया है, लेकिन यूकेडी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका विरोध थमने वाला नहीं है और वे अपने मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहेंगे।













Leave a Reply