उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में आज से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले ही दिन 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण करवा लिया, जिससे यात्रा को लेकर लोगों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रशासन की ओर से ट्रांजिट कैंप परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुल 24 रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा रोडवेज बस अड्डे पर 6 अतिरिक्त काउंटर भी शुरू किए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यात्रा प्रशासन ने इस बार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए 30 मोबाइल टीमों को भी सक्रिय किया है। ये टीमें शहर के विभिन्न धर्मशालाओं और आश्रमों में जाकर ठहरे हुए श्रद्धालुओं का ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कर रही हैं, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है।
यात्रा संगठन प्रशासन के ओएसडी प्रजापति नौटियाल के अनुसार, “सुबह से अब तक 200 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया है, जिनमें सबसे अधिक संख्या मध्य प्रदेश से आने वाले यात्रियों की है।”
उन्होंने बताया कि जागरूकता बढ़ने के कारण अधिकांश श्रद्धालु अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को प्राथमिकता दे रहे हैं, लेकिन जो लोग ऑफलाइन प्रक्रिया अपनाना चाहते हैं, उनके लिए भी पूरी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में पंखों, ठंडे पेयजल और मुफ्त चाय-नाश्ते की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया सरल एवं सुगम बनी रहे।
चार धाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं में बढ़ता उत्साह साफ दर्शाता है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोग इस पवित्र यात्रा का हिस्सा बनने जा रहे हैं।













Leave a Reply