हरेला दिवस पर SDRF ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जॉलीग्रांट मुख्यालय सहित प्रदेशभर की पोस्टों पर हुआ वृक्षारोपण

उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला दिवस के अवसर पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने किया। इस दौरान अधिकारियों, जवानों, प्रशिक्षणरत रिक्रूट्स और उत्तराखंड पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारियों ने फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान वाहिनी मुख्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया। प्रतिभागियों ने केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसे जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत बनाया जा सकता है।

हरेला दिवस के अवसर पर RTC में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट्स और प्रशिक्षण स्टाफ ने भी पूरे उत्साह के साथ वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। रिक्रूट्स को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, हरेला पर्व के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अभियान की विशेष बात यह रही कि उत्तराखंड पुलिस के 15 सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कार्मिकों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण में भाग लिया। उनके अनुभव और सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बनाया। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने सभी अधिकारियों, कार्मिकों और रिक्रूट्स को हरेला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि हरेला दिवस केवल जॉलीग्रांट स्थित वाहिनी मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेशभर में स्थापित SDRF की विभिन्न पोस्टों पर भी पूरे उत्साह के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर अधिकारियों और जवानों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उनकी नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल प्रमोद रावत, आरआई RTC मधु रावत, सूबेदार मेजर जयपाल राणा, एसआई विजय रयाल सहित कई अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!