देहरादून: चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए Satpal Maharaj ने अपनी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से इस वर्ष भी यात्रियों के लिए 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा करवाया है। बीमा प्रीमियम एवं सेवाकर की कुल राशि 3 लाख 67 हजार 995 रुपये का चेक उन्होंने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami को सौंपा।
इस दौरान Hemant Dwivedi और भाजपा युवा नेता Suyash Rawat भी मौजूद रहे।
सतपाल महाराज ने बताया कि गत वर्षों की तरह इस बार भी चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह बीमा United India Insurance Company Limited द्वारा श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि कुल 10 करोड़ रुपये के इस बीमा कवर के तहत चारों धामों के लिए 2.50-2.50 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा निर्धारित किया गया है। बीमा पॉलिसी के अनुसार मंदिर परिसर में भगदड़, प्राकृतिक आपदा, ईश्वरीय जोखिम और आतंकवाद जैसी घटनाओं से प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
पर्यटन मंत्री ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि यात्रा शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें और अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार तैयारी करें। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए जरूरी दवाएं और आवश्यक उपकरण साथ रखें।
उन्होंने यात्रियों से पहचान पत्र, यात्रा अनुमति पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की भी अपील की। साथ ही यात्रा के दौरान सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन करने को कहा, ताकि यात्रा सुरक्षित और सफल बनाई जा सके।













Leave a Reply