चारधाम यात्रा में खाद्य सुरक्षा पर सख्ती: 21 नमूने जांच को भेजे, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड सरकार सख्त नजर आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले में व्यापक निरीक्षण अभियान शुरू किया है।

सहायक आयुक्त एवं जिला अभिहित अधिकारी मनोज सेमवाल ने बताया कि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में यात्रा मार्ग पर स्थित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। इसके साथ ही बाहरी जिलों से आने वाले खाद्य पदार्थों से लदे वाहनों की भी सघन चेकिंग की जा रही है।

अभियान के दौरान अब तक 21 खाद्य नमूने एकत्रित कर राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं। इन नमूनों में पनीर, दूध, घी, मसाले, आटा, बेसन, खाद्य तेल, सॉस, मुरब्बा और बिस्कुट जैसे उत्पाद शामिल हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर स्वच्छता में कमी, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का भंडारण, बिना लाइसेंस कारोबार और घटिया गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ मिलने पर 17 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने बताया कि पांच मामलों में न्यायालय में वाद दायर किए जा चुके हैं, जबकि अन्य मामलों में कार्रवाई जारी है। जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय रुद्रप्रयाग ने तीन मामलों में फैसला सुनाते हुए दो प्रतिष्ठानों पर 25-25 हजार रुपये और एक पर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!