देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ असरदार: 24 घंटे में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दून पुलिस ने नकबजनी की एक घटना का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, 02 मई 2026 को अशोक कुमार निवासी लक्ष्मीपुर बरोटीवाला, कोतवाली विकासनगर ने अपने घर में हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखी ज्वैलरी और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना विकासनगर में मुकदमा संख्या 136/2026, धारा 305ए/331(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में इस तरह के मामलों में शामिल अपराधियों का सत्यापन किया गया।

जांच के दौरान मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने 03 मई 2026 को जमनीपुर बरोटीवाला, विकासनगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी सौरभ पैन्यूली उर्फ भयूब को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 1 लाख रुपये मूल्य की चोरी की ज्वैलरी और नगदी बरामद की है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

दून पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *