चंपावत घटना के विरोध में रामनगर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

चंपावत में नाबालिग किशोरी के साथ हुए कथित दुष्कर्म मामले को लेकर रामनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को घेरा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने कहा कि चंपावत मामले में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बावजूद सरकार और प्रशासन आरोपियों को बचाने में जुटे हुए हैं।

रणजीत सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार कार्रवाई के बजाय मामलों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *