नानकमत्ता (उधम सिंह नगर): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने नानकमत्ता में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके बाद उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकमत्ता साहिब की पावन धरती, जहां गुरुओं का आशीर्वाद सदैव बना रहता है, वहां महाराणा प्रताप जैसे महान राष्ट्रनायक का स्मरण करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के शासक नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान के अमर प्रतीक थे।
सीएम धामी ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी मिसाल है, जो आज भी देशवासियों को ऊर्जा और गौरव से भर देता है। उन्होंने यह भी कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी सिद्धांतों से समझौता न करना ही महाराणा प्रताप के जीवन का सबसे बड़ा संदेश है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने थारू समाज की परंपराओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली को उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के विकास, शिक्षा और स्वरोजगार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न आवास, छात्रावास और शिक्षा योजनाओं के माध्यम से हजारों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना भी की।
इस अवसर पर विधायक रुद्रपुर Shiv Arora, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी अजय गणपति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।












Leave a Reply