रुड़की में सीएम धामी के दौरे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, यूटीयू पेपर लीक मामले में उच्च शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

रुड़की में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दौरे के दौरान उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के बीटेक प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कांग्रेस सेवादल कार्यालय पर ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग उठाई।

मुख्यमंत्री के रुड़की पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूटीयू में बीटेक थर्ड ईयर के दो प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई थी। हालांकि पुलिस ने कांग्रेस सेवा दल कार्यालय पहुंचकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाहर निकलने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार का भी सम्मान नहीं कर रही है।

कांग्रेस सेवादल महानगर अध्यक्ष रणवीर नागर ने कहा कि देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से छात्र वर्ग में भारी नाराजगी है। उनका कहना था कि हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड सरकार को भी इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशीष सैनी ने कहा कि उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में बीटेक की दो परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि आरोपी प्रोफेसर की गिरफ्तारी और परीक्षाएं रद्द किए जाने के बावजूद केवल कार्रवाई का दावा करना पर्याप्त नहीं है। इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।

वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधीर शांडिल्य ने बताया कि मुख्यमंत्री को दिए जाने वाले ज्ञापन में पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए उनके इस्तीफे पर विचार करने की मांग की गई है। उनका कहना है कि इससे छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बहाल हो सकेगा।

कांग्रेस ने साफ किया कि वह छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता के मुद्दे पर आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!