रुड़की: उत्तराखंड सरकार ने रोडवेज यात्रियों को राहत देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के नेतृत्व में उत्तराखंड परिवहन निगम 1 अगस्त से नई रियायती टिकट योजना लागू करने जा रहा है। इस योजना के तहत यात्रियों को रिटर्न टिकट और ग्रुप बुकिंग पर किराए में आकर्षक छूट मिलेगी।
नई व्यवस्था के अनुसार, यदि कोई यात्री एक साथ आने और जाने (रिटर्न) का टिकट बुक करता है तो उसे कुल किराए पर 10 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसके अलावा, छह या उससे अधिक यात्रियों के समूह द्वारा एक साथ टिकट बुक कराने पर भी विशेष रियायत दी जाएगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह योजना ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ-साथ रोडवेज बस अड्डों के टिकट काउंटरों पर भी उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को टिकट बुक कराने में आसानी होगी और वे कम खर्च में यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
उत्तराखंड परिवहन निगम का मानना है कि इस पहल से एक ओर यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से निगम की आय में भी इजाफा होगा।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को बेहतर, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रिटर्न जर्नी और ग्रुप टिकट पर दी जा रही छूट का सीधा लाभ यात्रियों को मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि त्योहारी सीजन और पर्यटन सीजन के दौरान यह योजना विशेष रूप से लाभदायक साबित होगी। इससे अधिक लोग रोडवेज सेवाओं का उपयोग करेंगे, जिससे सार्वजनिक परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उत्तराखंड परिवहन निगम की यह नई पहल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ रोडवेज सेवाओं को अधिक लोकप्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
















Leave a Reply