रुड़की के एक निजी बैंक्वेट हॉल में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की विशाल महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। महापंचायत में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और आगामी आंदोलन की रणनीति तय की गई।
महापंचायत के दौरान संगठन ने 28 जुलाई को देहरादून स्थित डीजीपी कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) का कहना है कि यह प्रदर्शन संगठन की 31 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जाएगा। संगठन का दावा है कि इस आंदोलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस आम लोगों और किसानों की शिकायतों पर अपेक्षित गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिल रहा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
महापंचायत में भगवानपुर क्षेत्र में एक कार्यकर्ता की बेटी की कथित दहेज हत्या का मामला भी उठाया गया। संगठन का आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने में देरी की और अब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसके अलावा अवैध पशु कटान रोकने, नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान को प्रभावी बनाने और सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को सख्ती से लागू करने की मांग भी दोहराई गई।
राष्ट्रीय सचिव तालिब हसन ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके बेटे पर हुए हमले के मामले में पर्याप्त साक्ष्य होने के बावजूद कार्रवाई कमजोर की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
















Leave a Reply