रुड़की में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब रेलवे स्टेशन के पास चलते समय अचानक एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। स्कूटी चला रहे युवक ने सूझबूझ और फुर्ती का परिचय देते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि कुछ ही मिनटों में पूरी स्कूटी आग की लपटों में घिरकर जलकर राख हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे रेलवे स्टेशन के समीप अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने हुई। शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी।

खतरे को भांपते हुए आशु कुमार ने तुरंत स्कूटी छोड़कर सुरक्षित दूरी बना ली। कुछ ही पलों में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्कूटी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर बैटरी या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!