रुड़की के बुग्गावाला क्षेत्र में भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री सुबोध राकेश ने अपने जन्मदिन के अवसर पर जनसेवा को समर्पित कई सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान निशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर और दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शिविर का लाभ उठाया और भाजपा नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
निशुल्क चिकित्सा शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आंखों की मुफ्त जांच भी की गई। शिविर में मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क वितरित की गईं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम की सबसे खास पहल 74 दिव्यांगजनों को निशुल्क व्हीलचेयर वितरित करना रही। व्हीलचेयर मिलने से लाभार्थियों और उनके परिजनों ने खुशी जताई। इसके साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
गौरतलब है कि ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री सुबोध राकेश लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों के बीच सक्रिय हैं। राजनीतिक रूप से भी उन्हें विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा माना जा रहा है और वे लगातार क्षेत्रीय जनता से संपर्क बनाए हुए हैं।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने सुबोध राकेश को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।
















Leave a Reply