गौकशी के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग, हिन्दू जागरण मंच ने चौकी प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में कथित गौकशी के मामले को लेकर हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई है। इस संबंध में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलौर चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट से मुलाकात कर मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, देर रात पुलिस को मंगलौर क्षेत्र में कथित गौकशी की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान मौके से करीब दो कुंतल संदिग्ध गोमांस बरामद किया गया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए।

हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि मंगलौर क्षेत्र में अवैध रूप से गौकशी और मांस कटान की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि मांस का कटान केवल अधिकृत स्लॉटर हाउस में होना चाहिए, लेकिन कुछ लोग अवैध तरीके से घरों में ही यह काम कर रहे हैं। आरोप है कि बाद में फर्जी बिलों के जरिए इस मांस को बाजार में बेचा जाता है।

संगठन के प्रतिनिधियों ने पुलिस से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर फरार आरोपियों की जल्द पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वहीं, मंगलौर चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस फिलहाल बरामद मांस की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!