पौड़ी में गुलदार का आतंक बढ़ा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

पौड़ी गढ़वाल में लगातार बढ़ रहे गुलदार हमलों ने ग्रामीणों की चिंता और गुस्से को चरम पर पहुंचा दिया है। खंडाह क्षेत्र में ग्रामीणों ने श्रीनगर–पौड़ी मार्ग पर जाम लगाकर वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गांवों में आए दिन गुलदार की मौजूदगी से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, लेकिन विभाग की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ताजा घटना औणी गांव की है, जहां देर शाम एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर उसके पति ने तुरंत साहस दिखाते हुए पत्थर मारकर गुलदार को खदेड़ा और उसकी जान बचाई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

ग्रामीणों ने सरकार से गुलदार के बढ़ते हमलों को “आपदा” घोषित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाने, वन विभाग की गश्त बढ़ाने और आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मौके पर पहुंचे एसडीएम नूपुर वर्मा, डीएफओ महातिम यादव और पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को हर संभव कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित इलाकों में शूटरों की तैनाती और निगरानी बढ़ाई जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *