पौड़ी: जनपद पौड़ी गढ़वाल में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के चलते लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, जबकि जंगलों में धधक रही आग पर भी काफी हद तक काबू पाने में मदद मिली है।
बीते शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद रविवार को भी मौसम मेहरबान रहा। लगातार हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे आमजन को राहत महसूस हुई। वहीं वन विभाग के लिए भी यह बारिश राहत भरी खबर लेकर आई है, क्योंकि हाल के दिनों में जंगलों में आग की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं।
बारिश के चलते पौड़ी-श्रीनगर हाईवे पर मरगदना (राधावल्लभपुरम), कलडुंग और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में मलबा आने की घटनाएं सामने आई हैं। सड़क पर मलबा जमा होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।











Leave a Reply