211 एकल महिलाओं को स्वरोजगार के लिए जल्द मिलेगा लाभ: रेखा आर्या ने दिए निर्देश, 19 करोड़ की नंदा गौरा राशि भी होगी जारी

देहरादून: उत्तराखंड सरकार की एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत चयनित 211 महिलाओं को जल्द ही वित्तीय सहायता जारी की जाएगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत पहले ही 484 महिलाओं को प्रथम किस्त जारी की जा चुकी है, जिनमें से अधिकांश महिलाओं ने अपना स्वरोजगार शुरू कर दिया है। अब शेष 211 चयनित महिलाओं को भी जल्द ही सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जिसके लिए मुख्यमंत्री से समय लेकर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

2000 महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ

बैठक में मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए एकल महिला स्वरोजगार योजना के आवेदन आमंत्रित करने हेतु विज्ञप्ति अगस्त तक हर हाल में जारी की जाए। सरकार ने इस वर्ष करीब 2000 महिलाओं को योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में 8 अगस्त को महिला दिवस के अवसर पर तीलू रौतेली पुरस्कार और आंगनबाड़ी सम्मान पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इन दोनों पुरस्कारों के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी गई है और प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

नंदा गौरा योजना के तहत 19 करोड़ की राशि जारी होगी

बैठक में मंत्री ने यह भी बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत हरिद्वार और उत्तरकाशी जिलों की 4000 से अधिक बालिकाएं तकनीकी औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण लाभ से वंचित रह गई थीं। अब इन सभी लाभार्थियों को कुल 19 करोड़ 22 लाख 78 हजार रुपये की राशि गुरुवार को सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति

इस समीक्षा बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, मोहित चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!