पुराने गंग नहर पुल से युवती ने लगाई छलांग, स्थानीय लोगों की बहादुरी से बची जान

रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसवा खेड़ी की रहने वाली एक युवती ने कथित तौर पर आत्महत्या के इरादे से पुराने गंग नहर पुल से छलांग लगा दी। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए नहर में छलांग लगाकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उसकी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार दोपहर युवती कुछ समय तक पुराने गंग नहर पुल पर अकेली खड़ी रही। अचानक उसने पुल से नीचे गंग नहर में छलांग लगा दी। यह देखते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और कुछ स्थानीय लोग तुरंत नहर में उतर गए। काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवती को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है और वह स्वस्थ है।

सूचना मिलने पर मंगलौर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल में युवती से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मानसिक तनाव और दिमागी संतुलन बिगड़ने की स्थिति के चलते युवती ने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने युवती के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!