मुख्यमंत्री के निर्देश पर विजिलेंस का भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान तेज, अब तक 18 अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत उत्तराखंड विजिलेंस विभाग भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विभाग ने अपने कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर एडीजी विजिलेंस डॉ. वी. मुरुगेशन ने विभाग की हालिया कार्रवाई और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अब तक विजिलेंस विभाग ने 18 अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें दो राजपत्रित अधिकारी भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कार्रवाई लगातार जारी है। वर्तमान में करीब 40 मामले शासन स्तर पर लंबित हैं, जिन पर आवश्यक प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

डॉ. मुरुगेशन ने बताया कि जब किसी मामले में ट्रायल कोर्ट का फैसला आता है, तो विजिलेंस विभाग उसका विस्तृत परीक्षण करता है। इसका उद्देश्य यह जानना होता है कि जांच या साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में कहीं कोई कमी तो नहीं रह गई। यदि किसी स्तर पर सुधार की आवश्यकता महसूस होती है, तो भविष्य की जांच को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी मामले में सरकारी गवाह अदालत में अपने बयान से मुकर जाता है, तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाती है।

एडीजी विजिलेंस ने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत विजिलेंस हेल्पलाइन 1064 पर दें। आम जनता की सक्रिय भागीदारी से ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि विजिलेंस विभाग भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!