देहरादून जिले के हरिपुर कालसी में निर्माणाधीन उत्तराखंड के पहले भव्य जमुना घाट का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण हर हाल में जुलाई 2026 तक पूरा किया जाए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2024 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस घाट का शिलान्यास किया था। इसके बाद हरिपुर कालसी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ाया गया।
राज्य सरकार ने इस परियोजना के निर्माण के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) को नोडल एजेंसी नियुक्त किया है। करीब एक किलोमीटर लंबे इस घाट को उत्तराखंड में जमुना नदी का पहला प्रमुख घाट माना जा रहा है, जहां श्रद्धालु स्नान और धार्मिक अनुष्ठान कर सकेंगे।
देवभूमि उत्तराखंड में यमुनोत्री से मां जमुना का उद्गम होने के बावजूद अब तक ऐसा कोई विकसित घाट नहीं था, जहां श्रद्धालु व्यवस्थित रूप से स्नान कर सकें। मुख्यमंत्री धामी ने इस आवश्यकता को समझते हुए इसे अपनी प्राथमिक घोषणाओं में शामिल किया।
ऐतिहासिक महत्व से जुड़ा है हरिपुर कालसी
हरिपुर कालसी का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी बेहद खास माना जाता है। ऐतिहासिक पुस्तकों के अनुसार, यह क्षेत्र कभी एक प्रमुख तीर्थ स्थल हुआ करता था, जो प्रलयंकारी बाढ़ में नष्ट हो गया था। मुख्यमंत्री धामी ने इस ऐतिहासिक स्थल को पुनर्जीवित करने का संकल्प लेते हुए यहां भव्य जमुना घाट निर्माण की पहल की।
यह क्षेत्र कृष्ण कालखंड, सम्राट अशोक के शिलालेख और दशम सिख गुरु गोबिंद सिंह के बाल्यकालीन युद्ध प्रशिक्षण से भी जुड़ा रहा है। इसके अलावा जमुना तट पर स्थित प्राचीन अश्वमेध यज्ञ स्थल वर्तमान में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की देखरेख में संरक्षित है।
सीएम धामी का बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार हरिपुर जमुना घाट को एक प्रमुख धार्मिक धाम के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जौनसार-बावर क्षेत्र और कृष्ण-जमुना भक्ति में विश्वास रखने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी बजट में भी इस परियोजना के लिए धनराशि आवंटित की गई है और प्रशासन को जुलाई तक निर्माण कार्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
25 फुट ऊंची जमुना जी की प्रतिमा लगाने की तैयारी
हरिपुर जमुना घाट के समीप पुराने पुल के पिलर पर 25 फुट ऊंची मां जमुना की प्रतिमा स्थापित करने की भी तैयारी चल रही है। लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति द्वारा गुजरात के मूर्तिकारों को बुलाकर इस योजना पर काम शुरू किया गया है।
समिति ने प्रतिमा स्थापना के लिए जिला प्रशासन से अनुमति भी मांगी है। साथ ही घाट के निकट एक विशाल मंदिर निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है, जिसके लिए भूमि दान स्वरूप प्राप्त हो चुकी है।















Leave a Reply