उत्तराखंड SDRF का दौरा: 78 RR बैच के IPS प्रशिक्षुओं ने सीखी आपदा प्रबंधन की बारीकियां

उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के तत्वावधान में 78 आर.आर. बैच के आईपीएस (प्रशिक्षु) अधिकारियों का एक दल एसडीआरएफ वाहिनी, जॉलीग्रांट (देहरादून) के शैक्षणिक भ्रमण पर पहुँचा। Sardar Vallabhbhai Patel National Police Academy में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 86 प्रशिक्षु अधिकारियों के इस दल का नेतृत्व उप निदेशक चैतन्य सिरिप्रोलु ने किया।

यह भ्रमण Uttarakhand के पुलिस महानिदेशक Deepam Seth के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू ऑपरेशन और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की व्यावहारिक समझ देना था।

SDRF की कार्यप्रणाली से कराया अवगत

भ्रमण के दौरान एसडीआरएफ के सेनानायक ने अधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली और संरचना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में State Disaster Response Force किस तरह राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC), जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), स्थानीय पुलिस, National Disaster Response Force और भारतीय सेना के साथ समन्वय स्थापित करती है।

उन्होंने यह भी बताया कि त्वरित सूचना आदान-प्रदान, संसाधनों की तेज तैनाती और सटीक निर्णय क्षमता किसी भी रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता की कुंजी होती है। पर्वतीय और आपदा-प्रवण क्षेत्रों में एसडीआरएफ की भूमिका को बेहद चुनौतीपूर्ण बताया गया।

प्रमुख आपदाओं के केस स्टडी साझा

प्रशिक्षु अधिकारियों को उत्तराखंड में हुई बड़ी आपदाओं—जैसे सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू, धाराली और रेणी घटनाओं—के बारे में भी जानकारी दी गई। इन घटनाओं के दौरान दुर्गम पहाड़ी इलाकों, खराब मौसम, संचार बाधाओं और समय की संवेदनशीलता जैसी चुनौतियों के बीच कैसे सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए गए, यह विस्तार से समझाया गया।

मल्टी-एजेंसी समन्वय, जोखिम आकलन, चरणबद्ध सर्च ऑपरेशन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग के जरिए राहत और बचाव कार्यों को सफल बनाने के व्यावहारिक उदाहरण भी साझा किए गए।

आधुनिक उपकरणों का लाइव डेमो

इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को आपदा के समय इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरणों और संसाधनों का लाइव प्रदर्शन भी दिखाया गया। एसडीआरएफ के प्रशिक्षित कर्मियों ने हर उपकरण का उपयोग समझाया, जिससे अधिकारियों को वास्तविक परिस्थितियों में इनके इस्तेमाल की जानकारी मिली।

प्रशिक्षुओं ने बताया यादगार अनुभव

भ्रमण के अंत में प्रशिक्षु अधिकारियों ने एसडीआरएफ के कर्मियों के समर्पण, अनुशासन और प्रोफेशनल दक्षता की सराहना की। उन्होंने इस दौरे को अपने प्रशिक्षण का बेहद उपयोगी और यादगार अनुभव बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *