रिपोर्टर: पंकज सक्सेना
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने इस वर्ष शैक्षणिक दक्षता और प्रबंधन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए नया इतिहास रच दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षाओं के परिणाम बेहद कम समय में जारी कर एक नई मिसाल कायम की है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चांद लोन ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 11 अप्रैल 2026 को परीक्षाएं समाप्त होने के बाद महज 20 दिनों के भीतर, यानी 30 अप्रैल 2026 तक, सभी परिणाम घोषित कर दिए गए। यह विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार हुआ है जब इतने कम समय में 100% रिजल्ट जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे शिक्षकों की समर्पित टीम का बड़ा योगदान रहा। विश्वविद्यालय ने विशेष रूप से वरिष्ठ शिक्षकों की टीम का गठन किया, जिन्होंने कुल 289 अतिरिक्त मूल्यांकन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया। इसके साथ ही कुल 323 परीक्षाओं के परिणाम पूर्ण रूप से घोषित किए जा चुके हैं।
शैक्षणिक कार्यक्रमों की बात करें तो 17 अप्रैल 2026 को आयोजित पहले सत्र में लगभग 175 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें 115 ऑफलाइन और अन्य ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। इसके बाद 26 अप्रैल 2026 को आयोजित दूसरे कार्यक्रम में करीब 120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 40 ऑफलाइन और 80 ऑनलाइन शामिल रहे।
कुलपति ने यह भी जानकारी दी कि छात्रों को शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निशुल्क पुस्तक वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत हजारों किताबें विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा रही हैं।
इसके अलावा, विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के स्थायी पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। संबंधित विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं और चयन प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अंत में, कुलपति प्रोफेसर नवीन चांद लोन ने इस सफलता के लिए विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को बधाई दी और इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।














Leave a Reply