उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम में ऋषिकेश के आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम प्रदेश भर में गौरवान्वित किया है। इंटरमीडिएट परीक्षा में छात्र आर्यन ने पूरे राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त कर सफलता की नई मिसाल पेश की है।
विद्यालय के कुल 11 छात्र-छात्राओं ने राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाकर संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया है। इंटरमीडिएट वर्ग में आर्यन के साथ गौरव (17वीं रैंक), हिमांशु गुप्ता (23वीं रैंक) और अन्वेषिका (25वीं रैंक) ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
हाईस्कूल परीक्षा में भी विद्यालय के छात्रों ने शानदार उपलब्धि हासिल की। इस वर्ग में 7 विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में जगह बनाई। इनमें सक्षम (13वीं), अक्षिता गैरोला (16वीं), अर्णव बसलियाल (17वीं), निखिल रतूड़ी (20वीं), अभिषेक राणा (21वीं), शिवानी सेमवाल (24वीं) और सांची चोपड़ा (25वीं रैंक) शामिल हैं।
विद्यालय प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के निरंतर सहयोग को दिया है। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ी है, बल्कि यह अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।












Leave a Reply