विश्व पर्यावरण दिवस पर रुद्रप्रयाग में वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान, “एक पेड़ मां के नाम” से दिया संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रुद्रप्रयाग में वन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा संगम व्यू पॉइंट पर व्यापक वृक्षारोपण, स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, वन विभाग और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर और उपवन संरक्षक रजत सुमन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान और इस वर्ष की थीम “Inspired by Nature for Climate, For Our Future” के तहत वृक्षारोपण किया गया।

अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया। साथ ही नदियों को स्वच्छ बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत जवाड़ी बाईपास से संगम व्यू पॉइंट तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान एकत्रित कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया गया। स्थानीय दुकानदारों, यात्रियों और नागरिकों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी जनपदवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, एसडीओ दिवाकर पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!