चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल क्षेत्र से एक बेहद दुःखद सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। शनिवार सुबह लगभग 05:50 बजे ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में एक वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बाँक (लोहाजंग) निवासी बलबीर सिंह अपने परिजनों के साथ देहरादून से गांव लौट रहे थे। दरअसल, उनके पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह पुत्र प्रेम सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर निजी एम्बुलेंस से गांव लाया जा रहा था, जबकि परिजन अलग वाहन (ईको वैन संख्या UK07D-2979) से अंतिम संस्कार के लिए लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि वाहन में कुल छह लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400-500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
इस भीषण हादसे में बलबीर सिंह (52 वर्ष), शांति देवी (48 वर्ष) और आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, घायल व्यक्तियों में कविता देवी (32 वर्ष), मयंक सिंह (08 वर्ष) और रोशनी (18 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, DDRF और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। प्रशासन द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।














Leave a Reply