सोनाली नदी पुल पर दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित कार नदी में गिरी; पांच लोग घायल

रुड़की: लक्सर क्षेत्र स्थित सोनाली नदी पुल पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वेन्यू कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुल पर लंबा जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार रुड़की की ओर जा रही थी। पुल पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे नदी में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

लक्सर एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

घायलों की पहचान

  • रचना पत्नी जसवीर निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द
  • सोनी पत्नी अनिल निवासी दाबकी महेश्वरी
  • कोमल पत्नी अमन निवासी मारकपुर
  • श्रीकांत पुत्र सुरेश निवासी बिजनाखेड़ी थाना नकुड़ सहारनपुर
  • अनिल पुत्र राजेंद्र निवासी दाबकी महेश्वरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *