देहरादून: दिल्ली-देहरादून सुपर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद दून पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। बढ़ते वाहन दबाव और आने वाले पर्यटन सीजन को देखते हुए पुलिस ने पूरे रूट पर विशेष निगरानी और ट्रैफिक प्लान लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के अनुसार, एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद से पुलिस लगातार मार्ग का निरीक्षण कर रही है। साथ ही, ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए एक विस्तृत और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसमें रीयल-टाइम मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के शुरू होने के साथ ही यात्रियों और पर्यटकों की संख्या में तेजी से इजाफा होगा। मसूरी और ऋषिकेश की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी इसी मार्ग से गुजरेगा, जिससे जाम की स्थिति बनने की आशंका है।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विभिन्न प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन का ट्रायल शुरू कर दिया है। जरूरत पड़ने पर इन डायवर्जन प्लान्स को तुरंत लागू किया जाएगा, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही सफर करें, जिससे भीड़भाड़ से बचा जा सके।












Leave a Reply