देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में केहरी गांव के पास ट्रैफिक जाम को लेकर उस समय स्थिति बिगड़ गई, जब पुलिस और कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, कल शाम सूचना मिली थी कि केहरी गांव और आसपास के इलाकों में अत्यधिक यातायात दबाव के कारण जाम लग गया है। सूचना पर थाना प्रेमनगर से पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा।
जांच में सामने आया कि क्षेत्र में स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के बाहर वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा किया गया था, जिससे मुख्य मार्ग बाधित हो रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी सड़क किनारे खड़े थे, जिन्हें पुलिस ने वहां से हटने के लिए कहा। अधिकांश छात्र-छात्राओं ने पुलिस के निर्देशों का पालन किया, लेकिन कुछ युवकों ने अनावश्यक बहस करते हुए पुलिस कार्य में बाधा उत्पन्न की।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद हालात सामान्य किए गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है और पूरे प्रकरण की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है।
फिलहाल, जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply