दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर 22 मई से ट्रैफिक डायवर्जन लागू, जानिए नया रूट प्लान

National Highways Authority of India द्वारा दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के गणेशपुर–देहरादून सेक्शन पर ढलान स्थिरीकरण कार्य शुरू किया जा रहा है। सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्य 22 मई 2026 से प्रारंभ होगा और इसके चलते हाईवे के एक हिस्से पर अस्थायी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।

एनएचएआई के अनुसार, यह डायवर्जन व्यवस्था 22 मई 2026 से 08 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान पहाड़ी ढलानों की स्केलिंग, अतिरिक्त मलबा हटाने और संवेदनशील क्षेत्रों को सुरक्षित करने का कार्य किया जाएगा। परियोजना को वर्षा ऋतु से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

1.250 किलोमीटर हिस्से पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार हाईवे के लगभग 1.250 किलोमीटर हिस्से पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि, हाईवे का बाकी हिस्सा सामान्य यातायात के लिए खुला रहेगा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए 24 घंटे फ्लैगमैन तैनात किए जाएंगे।

देहरादून जाने वाले वाहनों के लिए नया रूट

देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को किलोमीटर 14+650 पर लेफ्ट हैंड साइड (LHS) कैरिजवे से राइट हैंड साइड (RHS) कैरिजवे पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद लगभग 1.250 किलोमीटर तक यातायात RHS कैरिजवे पर संचालित होगा।

इसके बाद डाट काली टनल से पहले किलोमीटर 15+900 पर ट्रैफिक को दोबारा LHS कैरिजवे पर शिफ्ट किया जाएगा।

दिल्ली और सहारनपुर की ओर जाने वालों के लिए व्यवस्था

दिल्ली और सहारनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को डाट काली टनल पार करने के बाद पुराने हाईवे सेक्शन पर डायवर्ट किया जाएगा। लगभग 1.3 किलोमीटर पुराने मार्ग का उपयोग करने के बाद यातायात को फिर से दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के RHS कैरिजवे पर जोड़ा जाएगा।

भारतमाला परियोजना के तहत हो रहा निर्माण

यह निर्माण कार्य भारतमाला परियोजना के अंतर्गत किया जा रहा है। परियोजना के तहत उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एनएच-72ए के गणेशपुर से आशारोड़ी तक छह-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे विकसित किया जा रहा है।

गणेशपुर–देहरादून सेक्शन पहाड़ी क्षेत्र से होकर गुजरता है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान कई हिस्सों में पहाड़ों की कटिंग की गई है। पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए एनएचएआई द्वारा पहले ही कई संवेदनशील स्थानों पर स्टोन कैचर लगाए जा चुके हैं।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन और यातायात नियमों का पालन करें ताकि सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *