विशेष खिलाड़ियों की प्रतिभा पूरे समाज के लिए प्रेरणा — दीप्ती रावत भारद्वाज

देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित स्पेशल ओलंपिक भारत – नेशनल चैंपियनशिप का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विशेष खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर दीप्ती रावत भारद्वाज ने कहा कि स्पेशल खिलाड़ियों में कुछ अलग और विशेष कर दिखाने की अद्भुत क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने दृढ़ संकल्प, अनुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम के दम पर यह साबित किया है कि सफलता के मार्ग में कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। उनका साहस, खेल भावना और आगे बढ़ने का जज़्बा पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि स्पेशल ओलंपिक भारत जैसे आयोजन विशेष खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। साथ ही ऐसे कार्यक्रम समाज में समान अवसर, सम्मान और समावेशिता का संदेश भी मजबूत करते हैं। इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है।

दीप्ती रावत भारद्वाज ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा के दम पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगे। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य की भी कामना की।

उन्होंने स्पेशल ओलंपिक भारत के आयोजकों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और प्रयासों से ऐसे आयोजन सफल होते हैं। यह समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और समावेशी सोच को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह में इंडियन आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षक, अभिभावक, खेल प्रेमी और अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!