24 घंटे निगरानी में जिला प्रशासन, आपदा से निपटने के लिए कंट्रोल रूम और QRT पूरी तरह सक्रिय

मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के नेतृत्व में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) से पूरे जिले की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

कंट्रोल रूम से हो रही लगातार मॉनिटरिंग

जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) कंट्रोल रूम के माध्यम से भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन और अन्य आपदा संबंधी घटनाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन द्वारा संवेदनशील इलाकों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

आम जनता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

आपात स्थिति में लोगों की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

  • फोन: 0135-2626066
  • फोन: 0135-2726066
  • टोल फ्री: 1077
  • व्हाट्सएप हेल्पलाइन: 7534826066

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत इन नंबरों पर दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

15 जून से अब तक 60 से अधिक शिकायतों का निस्तारण

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे तैनात हैं। प्रशासन के अनुसार, 15 जून से अब तक कंट्रोल रूम में 60 से अधिक शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनका त्वरित निस्तारण किया जा चुका है। इसके अलावा तहसील स्तर पर संचालित हेल्पलाइन के माध्यम से भी लोगों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

रेड अलर्ट पर तुरंत सक्रिय होती है QRT

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में मानसून को लेकर सभी विभागों और नगर निकायों ने पहले से ही आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रेड अलर्ट की स्थिति में क्विक रिस्पांस टीम तुरंत सक्रिय हो जाती है, जबकि जिला आपदा कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे कार्यरत रहता है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों की तैनाती से शिकायतों के समाधान में बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, जिससे मानसून के दौरान लोगों को समय पर राहत और सहायता मिल सके।

प्रशासन की लोगों से अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपदा संबंधी सूचना को तुरंत प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सभी विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!