मसूरी के सहस्त्रधारा-सरोना मोटर मार्ग की खराब गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने सड़क निर्माण कार्य की पोल खोल दी, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करना पड़ा।
वायरल वीडियो में ग्रामीण सड़क पर बिछाई गई तारकोल और मिट्टी की परत को हाथों से उखाड़ते दिखाई दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और गुणवत्ता से समझौता किया गया। उनका कहना है कि सड़क बनने के कुछ ही समय बाद उसकी परत उखड़ने लगी, जिससे निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।
लगातार विरोध और शिकायतों के बाद पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य की जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
इसके बावजूद ग्रामीण विभाग की कार्यशैली से नाराज हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार शिकायतें कीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्राम प्रधान ने पुराने शिकायत पत्र और विभागों को भेजे गए दस्तावेज भी मीडिया के सामने रखे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई की जाती तो उन्हें सोशल मीडिया का सहारा नहीं लेना पड़ता। अब ग्रामीण सड़क निर्माण में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












Leave a Reply