ऋषिकेश के वार्ड नंबर 10 स्थित सदानंद मार्ग पर बिजली के खंभे में लगी आग ने शहर की बदहाल विद्युत व्यवस्था की पोल खोल दी है। बिजली के खंभों पर निजी कंपनियों द्वारा अवैध रूप से डाले गए फाइबर और इंटरनेट केबलों का जाल अब लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली के पोल से अचानक चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं और देखते ही देखते आग भड़क उठी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्षेत्रीय पार्षद आशू डंग ने प्रशासन और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार बोर्ड बैठकों में इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि शहर में व्यवस्थित डक्टिंग सिस्टम लागू नहीं होने से यह स्थिति पैदा हुई है।
बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता शक्ति सिंह प्रसाद ने जांच के बाद अवैध तार लगाने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












Leave a Reply