उत्तराखंड की नई खेल नीति पर जनता से सुझाव आमंत्रित, 30 जुलाई तक भेजें अपने सुझाव

देहरादून: उत्तराखंड सरकार नई खेल नीति को अधिक प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेशवासियों से नई खेल नीति के लिए सुझाव देने की अपील की है। खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल विशेषज्ञ, खेल संघ, अभिभावक, शिक्षक, खेल प्रेमी और आम नागरिक 30 जुलाई 2026 तक अपने सुझाव ऑनलाइन, ई-मेल या डाक के माध्यम से भेज सकते हैं।

सोमवार को विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित बैठक के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार ऐसी खेल नीति तैयार करना चाहती है, जो उत्तराखंड की आवश्यकताओं के अनुरूप हो और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा दे। उन्होंने कहा कि नीति निर्माण में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

उपयोगी सुझावों को मिलेगा सम्मान

खेल मंत्री ने बताया कि विभाग को प्राप्त सभी सुझावों का विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण किया जाएगा। जो सुझाव व्यवहारिक और उपयोगी पाए जाएंगे, उन्हें नई खेल नीति में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट सुझाव देने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता की सहभागिता से तैयार होने वाली खेल नीति राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

30 जुलाई तक भेजें अपने सुझाव

खेल विभाग ने स्पष्ट किया है कि 30 जुलाई 2026 तक प्राप्त होने वाले सुझावों पर ही विचार किया जाएगा। इसलिए इच्छुक नागरिकों से समय रहते अपने सुझाव भेजने की अपील की गई है।

ऐसे भेज सकते हैं सुझाव

ऑनलाइन पोर्टल:
www.khelouk.in/contact-us

ई-मेल:
info@khelouk.in

डाक द्वारा:
निदेशक, खेल विभाग
खेल निदेशालय, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर,
थानो रोड, रायपुर,
देहरादून – 248008, उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!